जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के लाइफ लाइन अस्पताल के समीप गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. महिला होमगार्ड ने मंगलवार सुबह उसे फंदे से लटका हुआ देखा तो उसे उतार कर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका की पहचान ईचागढ़ की रहने वाली नीलमणि गोराई (19) के रूप में हुई है. वह दो महीना पहले ही जमशेदपुर में कंप्यूटर की कोचिंग लेने आई थी. (नीचे भी पढ़ें)
इस संदर्भ में महिला होमगार्ड ने बताया कि मंगलवार सुबह कमरे का दरवाजा खोलने पर छात्रा का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला. इसकी सूचना पुलिस को दी. वहीं छात्रा के शव को उतार एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते बिलखते जमशेदपुर पहुंचे. हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राएं भी इस घटना से स्तब्ध है. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.















