जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में गाली-गलौज का विरोध करना एक महिला को महंगा पड़ गया. महिला ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसके साथ और बचाव में पहुंचे उसके देवर के साथ मारपीट की गई. मामले में पीड़िता पिंकी दास (22) ने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के अनुसार, 19 जुलाई की रात करीब आठ बजे पिंकी दास अपने घर के बाहर खड़ी थीं. इसी दौरान मोहल्ले के करण पात्रो और गोधन कुड्डू गाली-गलौज कर रहे थे. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो करण पात्रो ने कथित तौर पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई. (नीचे भी पढ़ें)
महिला का आरोप है कि इसके बाद तलवार से भी हमला करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर घर के अंदर चली गईं. शोर सुनकर बचाने पहुंचे उनके देवर विक्की दास के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की. शिकायत में करण पात्रो, गोधन कुड्डू, नित कुड्डू और शुभ खिलाड़ी पर मिलकर हमला करने का आरोप लगाया गया है. घटना में घायल महिला और उसके देवर का इलाज खासमहल सदर अस्पताल में कराया गया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.















