जमशेदपुर : झारखंड प्रादेशिक मारवाड़ी महिला सम्मेलन की प्रथम कार्यकारिणी बैठक ‘विचार मंथन’ में संस्कार और सशक्तीकरण पर मंथन हुआ. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी ने कहा कि “संस्कार ही धरोहर हैं” और विलुप्त होते संस्कारों को पुनर्जीवित करने के लिए महिलाओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने अपने सूत्र वाक्य “खर्च कम, काम में दम” के माध्यम से महिलाओं को अपनी क्षमता और सुविधा के अनुसार समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक का सफल आयोजन पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुणा जैन के नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष प्रभा पाड़िया की अध्यक्षता में रामगढ़ शाखा के आतिथ्य में मिसका बैंक्विट हॉल, रामगढ़ में उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. बैठक में झारखंड की 42 शाखाओं से करीब 250 महिला सदस्यों ने भाग लिया. बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली शाखाओं और महिला सदस्यों को कुल 35 पुरस्कार प्रदान किए गए. प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने विजेताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया. साथ ही, सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर झारखंड का नाम रौशन करने वाली रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल को मोमेंटो और शॉल देकर सम्मानित किया गया. विभिन्न शाखाओं से आई महिलाओं ने सम्मेलन की कार्यप्रणाली, योजनाओं और भविष्य की गतिविधियों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका समाधान राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी ने किया. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव बबिता बगड़िया उपस्थित रहीं. इसके अलावा झारखंड की जया डोकनिया, लता अग्रवाल, अरुणा जैन और नीरा बथवाल, रूपा अग्रवाल, मंजू खंडेलवाल, अनीता अग्रवाल, मंजू बगड़िया, तूलिका सरावगी तथा 10 पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहीं.















