जमशेदपुर : झारखंड भाजपा के निर्देशानुसार गुरुवार को भालुबासा स्थित शीतला भवन सभागार में कोल्हान प्रमंडल के अंतर्गत जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिले की संयुक्त संगठनात्मक मंडल प्रवासी कार्यकर्ता बैठक सम्पन्न हुई. बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, बूथ सशक्तिकरण, एसआईआर और जनसंपर्क अभियानों को लेकर मंथन किया गया. बैठक में दोनों जिलों के छह विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद एवं प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी मौजूद रहे. सभी वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर पार्टी के पितृपुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए बैठक की शुरुआत की. वहीं, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया. बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तीकरण, जनसेवा से जुड़े विषय और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान निर्णय लिया गया कि 1 से 16 अगस्त तक प्रत्येक बूथ पर विशेष अभियान चलाया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के अंतर्गत मंडल प्रभारी एवं मंडल प्रवासी बूथों पर प्रवास कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे, बूथ समितियों को सक्रिय करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर बूथों का पुनर्गठन भी किया जाएगा. साथ ही, दोनों संगठनात्मक जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठक कर आगामी रणनीति को अंतिम रूप दिया गया. इस दौरान बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बूथ सशक्तीकरण को भाजपा की चुनावी सफलता की आधारशिला बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता संपर्क, समन्वय और संवाद को अपना मूल मंत्र बनाकर कार्य करें. उन्होंने कहा कि “बूथ जीता तो चुनाव जीता” केवल नारा नहीं है. यह हमारे संगठन की कार्यपद्धति है. प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करना होगा. साथ ही, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करें. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व देश में नकारात्मक नैरेटिव गढ़ने का प्रयास कर रहे हैं परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों से भारत ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साथ लेकर मजबूती से आगे बढ़ रहा है. कहा कि वर्तमान समय में हताश विपक्षी दल देश में अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं. ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वे समाज के बीच जाकर ऐसे स्वार्थी दलों के मंसूबे और जनहित के मुद्दों पर लोगों को जागरूक करें. (नीचे भी पढ़ें)

प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और पात्र नागरिकों को हर संभव सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया. वहीं, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि बूथ संगठन की नियमित समीक्षा, बूथ समितियों का सतत निरीक्षण और निरंतर संपर्क ही संगठन की वास्तविक ताकत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने का आग्रह किया. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक मेनका सरदार, मीरा मुंडा, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, दिनेश कुमार, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, बिनोद सिंह, नंदजी प्रसाद, गुंजन यादव, सुधांशु ओझा, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कल्याणी शरण, योगेश मल्होत्रा, कुलवंत सिंह बंटी, जटाशंकर पांडेय, भरत सिंह, रीता मिश्रा, जिला पदाधिकारी में संजीव सिंह, प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, मुचिराम बाउरी, तन्मय झा, रीना चौधरी, रिंकू सिंह, रेणु सिन्हा, संजीत चौरसिया, अखिल सिंह, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, उज्ज्वल सिंह, अमित सिंह, किशोर ओझा, पवन अग्रवाल, खेमलाल चौधरी, विजय तिवारी, पप्पू सिंह, अजय श्रीवास्तव, सुबोध झा समेत विभिन्न मंडलो के अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल प्रवासी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.




