जमशेदपुर : मोटापा दुनिया भर में स्वास्थ्य की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बनता जा रहा है, जो सभी उम्र के लाखों लोगों को प्रभावित कर रहा है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, दुनिया भर में लगभग हर आठ में से एक व्यक्ति मोटापे से ग्रस्त है. इसका मुख्य कारण बदलती जीवनशैली और खान-पान की आदतें हैं. मोटापा सिर्फ वजन ज्यादा होने की समस्या नहीं है. यह स्वास्थ्य से जुड़ी एक गंभीर स्थिति है जो कई बीमारियों का खतरा बढ़ाती है, जैसे कि हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन), डायबिटीज, दिल की बीमारियां, जोड़ों की समस्याएं, स्लीप एपनिया और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)
वजन पर नजर रखने के लिए नियमित हेल्थ चेक-अप और जीवनशैली में बदलाव के लिए काउंसलिंग, मोटापे से जुड़ी जटिलताओं को रोकने और बेहतर स्वास्थ्य बनाये रखने में अहम भूमिका निभा सकते हैं. इसको लेकर टाटा मेन हॉस्पिटल द्वारा ओबेसिटी क्लिनिक (मोटापा-विशेष क्लिनिक) की शुरुआत की है. यह क्लिनिक एक अगस्त, 2026 से हर शनिवार सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक डायबिटीज केयर सेंटर में काम करेगा. इस क्लिनिक में मोटापे की पूरी जांच और इलाज की सुविधा मिलेगी, जिसमें जीवनशैली से जुड़ी काउंसलिंग और जरूरत पड़ने पर मेडिकल थेरेपी भी शामिल होगी. इसको दिखाने के लिए कोई भी मरीज तय समय पर सीधे क्लिनिक आ सकते हैं. जब तक ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू नहीं हो जाती, तब तक क्लिनिक की टीम उनके रजिस्ट्रेशन और अपॉइंटमेंट में मदद करेगी.




