जमशेदपुर : जमशेदपुर में नशा मुक्ति अभियान के तहत शनिवार को बर्मामाइंस थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद के नेतृत्व में धोबी घाट मुस्लिम बस्ती एवं आश्रम क्षेत्र में पैदल मार्च निकाला गया. इस दौरान थाना प्रभारी ने स्थानीय बस्तीवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
पैदल मार्च के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने नशा मुक्ति अभियान का समर्थन करते हुए पुलिस को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया. बस्तीवासियों ने कहा कि नशे की वजह से क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है, इसलिए वे इस अभियान में पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद ने लोगों को आश्वस्त किया कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इस पूरे क्षेत्र में नशे के कारोबार और उसके दुष्प्रभाव पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा, जिससे बस्ती में एक बार फिर अमन, शांति, सुरक्षा और खुशहाली का वातावरण लौट सके. इस अभियान में धोबी घाट मुस्लिम बस्ती एवं आश्रम क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे. सभी ने समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए पुलिस के इस प्रयास की सराहना की.




