चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की लोधाशोली पंचायत के आमलागोड़ा उत्क्रमित मध्य विद्यालय दो शिक्षकों के भरोसे संचालित है. विद्यालय में सुविधा का अभाव है जिसकारण विद्यार्थी और शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. विद्यालय के सहायक शिक्षक बंशी बदन गोप ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 1 से 8वीं तक की पढ़ाई होती है और विद्यालय में कुल 63 बच्चें नामांकित है. उन्होने बताया कि विद्यालय में प्रधानाध्यापक बाईजू मांडी और एक सहायक शिक्षक के भरोसे पठन-पाठन संचालित है. दोनों शिक्षक एक कक्षा में दो – तीन कक्षा के विद्यार्थियों को बैठाकर पढ़ाते हैं. विद्यालय में पेयजल की समस्या है. (नीचे भी पढ़ें)
विद्यालय परिसर में एक चापाकल है जिसका पानी पीने योग्य नहीं है और लेयर काफी नीचे जा चुका है जिस कारण विद्यालय के बच्चें पीने के लिए पानी घर से लेकर आते हैं. वहीं विद्यालय में चहारदीवारी भी नहीं है जिसकारण मवेशी भी परिसर में प्रवेश कर जाते है. श्री गोप ने बताया कि विद्यालय में किचन सेड भी नहीं है जिस कारण बरसात के मौसम में रसोईयों को मध्याह्न भोजन बनाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और अत्यधिक बारिश होने पर वैकल्पिक रूप में बच्चों के बीच सुखा भोजन वितरण किया जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि विद्यालय में एक चापाकल निर्माण कराने के लिए पीएचईडी विभाग को आवेदन दिया गया है परंतु अबतक विभाग द्वारा पहल नहीं किया गया है जिस कारण हैंड वास यूनिट भी बेकार साबित हो रहा है. बीआरसी में लिखित और मौखिक रूप से कई बार विद्यालय परिसर में किचन सेड निर्माण कराने की मांग की गई है परंतु विभाग में फंड नहीं होने के कारण अबतक किचन सेड का निर्माण नहीं हो पाया है.




