आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित असंगी चेक डैम में रविवार को नहाने के दौरान डूबे एनआइटी जमशेदपुर के चौथे वर्ष के मेटालर्जी विभाग के छात्र मीर हसन तनवीर की तलाश सोमवार को भी जारी रही. सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम ने सुबह से ही चेक डैम में सर्च अभियान शुरू किया. गोताखोरों और बचाव कर्मियों की मदद से छात्र की तलाश की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद रविवार देर शाम एनआइटी जमशेदपुर के छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. छात्रों ने मृतक छात्र के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने, सर्च अभियान में तेजी लाने तथा मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी को इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि पिछले छह महीनों में असंगी चेक डैम में डूबने की यह तीसरी या चौथी बड़ी घटना है, इसके बावजूद प्रशासन ने न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई और न ही चेतावनी बोर्ड, लाइफगार्ड या अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि गर्मी और छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में लोग यहां नहाने आते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था नदारद रहती है. उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा इंतजाम, निगरानी और चेतावनी प्रणाली लागू करने की मांग की है.




