पटमदा : पटमदा-काटिन लिंक रोड पर पटमदा थाना क्षेत्र के रांगाटांड़ स्थित निर्मल चौक के पास सोमवार दोपहर करीब 12:45 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार हवा में उछलते हुए सड़क किनारे बने गड्ढे को पार कर सीधे बिजली के एलटी पोल से जा टकराई. (नीचे भी पढ़ें)

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा दो हिस्सों में टूट गया, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर चपटी हो गई. बावजूद इसके राहत की बात यह रही कि कार चालक को मामूली खरोंच तक नहीं आई और वह सुरक्षित बच निकला. घटना की सूचना मिलते ही पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू करते हुए चालक से पूछताछ की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार पुरुलिया से जमशेदपुर की ओर जा रही थी और उसमें चालक अकेला सवार था. (नीचे भी पढ़ें)
उधर, सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी मोहम्मद महमूद भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने क्षतिग्रस्त बिजली पोल की सूचना विभाग के अधिकारियों को देकर जल्द मरम्मत की प्रक्रिया शुरू कराई. उन्होंने बताया कि खंभे में इन्सुलेटेड केबल लगा होने के कारण उसमें विद्युत प्रवाहित नहीं हुआ, अन्यथा यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था.




