जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची न्यू बाराद्वारी स्थित पीएमश्री उन्नत पीपुल्स एकेडमी प्लस टू विद्यालय की सहायक शिक्षिका ऐन प्रिया ने कहा कि विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों के तहत विद्यार्थियों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम, पर्यावरण क्लब–मिशन जीवन और स्वच्छता पखवाड़ा के माध्यम से विद्यालय के कक्षों और परिसर की नियमित साफ-सफाई की जाती है. उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण विद्यार्थियों की एकाग्रता बढ़ाने के साथ-साथ सीखने की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाता है. नियमित साफ-सफाई से बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित होती है तथा वे स्वास्थ्य, अनुशासन और जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सीखते हैं.(नीचे भी पढ़े)
ऐन प्रिया ने कहा कि सामूहिक रूप से सफाई करने से विद्यार्थियों में समूह भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है. ऐसी गतिविधियां बच्चों को जाति और सामाजिक भेदभाव की भावना से ऊपर उठकर समानता का संदेश भी देती हैं. विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्रा ज्योति कुमारी से जुड़े मामले पर उन्होंने कहा कि बीमार पड़ने का मामला करीब एक वर्ष पुराना है. उन्होंने कहा कि इतने पुराने मामले को लेकर परिजनों द्वारा विद्यालय में आकर हंगामा करना उचित नहीं है. उनके अनुसार, छात्रा के बीमार होने से संबंधित कोई प्रमाण-पत्र भी विद्यालय में जमा नहीं किया गया है, जिससे बीमारी की पुष्टि हो सके.




