जमशेदपुर : इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (आइआइएम), जमशेदपुर चैप्टर ने सीएसआइआर–एनएमएल, जमशेदपुर के सहयोग से मंगलवार, 25 अगस्त, 2026 को 14वें आइआइएम जमशेदपुर वार्षिक धातुकर्म एवं पदार्थ क्विज का आयोजन किया. प्रतियोगिता में 36 विद्यालयों के लगभग 180 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस क्विज़ ने विद्यार्थियों को धातुकर्म एवं पदार्थ विज्ञान के प्रति अपनी रुचि, वैज्ञानिक अभिरुचि, त्वरित सोच और विषयगत ज्ञान प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, एनआइटी जमशेदपुर के निदेशक डॉ गौतम सूत्रधर, सीएसआइआर एनएमएल के निदेशक डॉ संदीप घोष चौधरी एवं आइआइएम जमशेदपुर चैप्टर के चेयरमैन डॉ अतनु रंजन पाल उपस्थित रहे. डॉ. संदीप घोष चौधरी ने आगत अतिथियों का स्वागत किया, जिसके पश्चात डॉ अतनु रंजन पाल ने आइआइएम जमशेदपुर चैप्टर की विभिन्न गतिविधियों एवं पहलों के बारे में जानकारी दी. मुख्य अतिथि डॉ गौतम सूत्रधर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनमें वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया. (नीचे भी पढ़ें)

प्रतियोगिता के एक महत्वपूर्ण परिणाम के रूप में क्विज की की शीर्ष तीन टीमें जमशेदपुर चैप्टर का प्रतिनिधित्व प्रो ब्रह्म प्रकाश मेमोरियल मैटेरियल्स क्विज में करेंगी, जिसका आयोजन आगामी 18-19 सितंबर, 2026 को कलपक्कम में होगा. 36 टीमों के बीच आयोजित स्क्रीनिंग राउंड के बाद पांच विद्यालयों की पांच टीमों ने क्विज़ के अगले चरण के लिए क्वालिफाई किया. इनमें लिटिल फ्लावर स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर, बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल, हिल टॉप स्कूल तथा जमशेदपुर पब्लिक स्कूल शामिल रहे. रोमांचक एवं ज्ञानवर्धक विभिन्न चरणों के बाद लिटिल फ्लावर स्कूल, जमशेदपुर के दिव्यांश मनोमय और सयानवो चंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और विजेता बने. डीएवी पब्लिक स्कूल, जमशेदपुर की आयुषी अंशु और आर्णा चटर्जी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. वहीं बाल्डविन फार्म एरिया स्कूल के सौर्यांश प्रमाणिक और आयुष्मान घोष ने तृतीय स्थान हासिल किया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का समन्वय डॉ एम धनंजय राव, वैज्ञानिक-डी तथा ललित कुमार मीणा, वैज्ञानिक-ई ने किया. आयोजन को सफल बनाने में आइआइएम जमशेदपुर चैप्टर तथा सीएसआइआर-एनएमएल के सदस्यों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. आइआइएम जमशेदपुर चैप्टर ने प्रतियोगिता में भाग लेनेवाले सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्यालयों, गणमान्य अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया. सभी के उत्साहपूर्ण सहयोग एवं सहभागिता ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.




