जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा निवासी युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआइआर दायर किया गया है. पिता संजीव सबलोक के बयान पर हत्या का मुकदमा दायर किया गया है. इस मामले की तफ्तीश सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना की पुलिस कर रही है. इसको लेकर जमशेदपुर और सरायकेला खरसावां जिले की पुलिस की एसआइटी का गठन किया गया है. डीआइजी की देखरेख में तफ्तीश की जा रही है. सारे एंगल से मामले की जांच की जा रही है. बताया जाता है कि जमीन से जुड़े कारोबार के अलावा रियल एस्टेट और गैंगवार से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है. अब तक पुलिस ने दस लोगों को हिरासत में लिया है. हालांकि, अब तक शूटरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. सीसीटीवी में जो शूटर दिखे है, उन शूटरों की पहचान करने का प्रयास किया गया है, लेकिन अब तक के तफ्तीश में यह मालूम चला है कि हत्यारे भाड़े के थे, जो बाहर से लाये गये थे. उत्तर प्रदेश या उत्तराखंड या देहरादून के हत्यारे होने की संभावना जतायी जा रही है. इस कांड का देहरादून कनेक्शन भी जोड़कर देखा जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, इस मामले में पुलिस ने बहरागोड़ा से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जो रात को बंगाल जा रहे थे. हत्या के मामले में पहले से जिस शख्स का नाम चल रहा था, उसको गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, इस मामले में पुलिस ने उन तीन लोगों को भी हिरासत में लिया है, जिन लोगों के साथ होटल टेंथ माइल स्टोन में निखार सबलोक ने मीटिंग की थी. ये लोग चांडिल के ही रहने वाले है. बताया जाता है कि टेंथ माइल स्टोन के पास की ही जमीन की खरीद बिक्री को लेकर यह मीटिंग हुई थी. यह जमीन पहले भालोटिया खानदान का था, जिसने बेचा था और अब इसकी नये सिरे से खरीद बिक्री हो रही थी. इस मामले में चांडिल पुलिस ने जमीन का कारोबार को लेकर मीटिंग करने वाले गुरुचरण कर्मकार, सुखलाल पहाड़िया और मनमन सिंह को हिरासत में लिया है. बताया जाता है कि सुखलाल पहाड़िया उक्त जमीन को लेकर दावा करते है. वे लोग उक्त जमीन को बेचना चाहते थे. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, अब तक उक्त जमीन का रेंट फिक्सेसन नहीं किया गया है. इस मामले में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और तमाम जानकारी मिली है, जिसमें पता चला है कि एक क्रेटा कार से सारे शूटर निकले है. दो बाइक पर हमलावर आये थे जबकि उनके साथ एक कार भी था. वे लोग कार से ही भाग निकले है. पुलिस ने उन लोगों को हिरासत में लिया है, जो लोग निखार सबलोक के साथ थे. उसमें एक व्यक्ति की भूमिका को पुलिस संदिग्ध मान रही है, जिससे पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है.




