जमशेदपुर : जमशेदपुर के होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक करीब 50 से अधिक लोगों से पूछताछ की है. इस मामले में पुलिस ने होटल में उस वक्त मौजूद महिला, एक सिख व्यक्ति समेत तमाम ग्राहकों से बातचीत की है. पूरी घटना का पूरा ब्योरा लिया गया है. इसके अलावा घटना के वक्त मौजूद निखार सबलोक के साथियों से भी पूछताछ की गयी है. इस पूछताछ में इन लोगों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है. बताया जाता है कि यह जानकारी दी गयी है कि निखार सबलोक को मारने वाले दोनों लड़कों ने वहां खाने का आर्डर किया था और बैठ गये थे. वे लोग काफी देर तक निखार पर ही नजर रखे हुए थे. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस को यह भी सूचना मिली है कि वे लोग हत्या करने के बाद दो गाड़ियों को बदली किये है और वे लोग बिहार की ओर चले गये है और बिहार से नेपाल की ओर बढ़े है. हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस नहीं कर रही है. वहीं, साजिशकर्ता की भी पहचान हो गयी है. अगर सबकुछ ठीक रहा तो गुरुवार को सरायकेला खरसावां जिला पुलिस इस कांड का खुलासा कर सकती है. कुल 18 लोगों की पुलिस की टीम को डीआइजी ने लगाया है, जिसमें सरायकेला खरसावां जिले और जमशेदपुर पुलिस की टीम शामिल है. अब तक की तफ्तीश में यह बातें सामने आयी है कि उसकी हत्या हर हाल में होना था. बताया जाता है कि करीब चार दिनों से अपराधी शहर में रहकर निखार सबलोक की रेकी कर रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
पहले तो जमशेदपुर के कदमा विजया हेरीटेज स्थित आवासीय इलाके में ही हत्या करने की योजना थी. लेकिन चूंकि, वहां गार्ड है और पूरा एरिया कैमरे से लैस है, इसकारण वहां हत्या की योजना को सफल नहीं बनाया जा सका. इसके बाद रेकी करने वालों ने देखा कि लगातार तीन दिनों से वह टेंथ माइल स्टोन आना जाना कर रहा है. टेंथ माइल स्टोन में आने जाने की जानकारी होने के बाद निखार सबलोक को घटना वाले दिन ही ठिकाने लगाने का प्लान तैयार किया गया और उसकी हत्या कर दी गयी. बताया जाता है कि पुलिस हत्यारों और हत्या में शामिल कई लोगों को हिरासत में ले लिया है. अब बस पुलिस सभी से सच उगलवाने का काम कर रही है. अब तक जो कहानी सामने आयी है, उसके मुताबिक, अखिलेश गैंग से जुड़े लोगों ने विक्रम शर्मा की हत्या के बाद प्रतिवाद में और निखार सबलोक जैसे कारोबारी की हत्या कर क्षेत्र में दहशत पैदा कर कारोबारियों को भी धमकाने के उद्देश्य से इस कांड को अंजाम दिया गया. वही, निखार सबलोक द्वारा एक शिकायत एसएसपी ऑफिस में करायी गयी थी, जिसको लेकर भी इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया.




