जमशेदपुर: झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार देर शाम जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में हुई. बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 के विरोध में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर चलाए जाने वाले जनजागरण अभियान और आगामी 7 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई. बैठक में केंद्रीय कार्यसमिति से प्राप्त निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई. पार्टी नेताओं ने बताया कि 31 अगस्त तक जिले में बूथ स्तर पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा. इसके माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम 2026 के प्रावधानों तथा इसके संभावित प्रभावों की जानकारी दी जाएगी. जिला समिति ने प्रखंड, पंचायत, नगर समिति और शाखा समितियों के साथ समन्वय बनाकर अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने का निर्णय लिया. बैठक में 7 सितंबर को होने वाले धरना-प्रदर्शन को लेकर भी विस्तृत रणनीति बनाई गई. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी, पूर्व सांसद सुमन महतो, केंद्रीय सदस्य शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, विद्या सागर दास, मो. जलील, जिला सचिव रतन महतो, जिला संगठन सचिव शेख नासिर खान, माणिक मल्लिक, जिला कोषाध्यक्ष कालीपदो गोराई, जिला कार्यालय सचिव प्रीतम हेंब्रम, सह कार्यालय सचिव सुशील हेंब्रम और अभय पाण्डेय समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. जिले के 11 प्रखंड कार्यालयों और चार अधिसूचित नगर प्राधिकरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. जिला समिति ने सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है. कार्यक्रम में महिला नेत्रियों, झारखंड आंदोलनकारियों, विभिन्न स्तर के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और समान विचारधारा वाले लोगों को भी शामिल करने की तैयारी की जा रही है. झामुमो जिला समिति की ओर से कार्यक्रमों में पारंपरिक रूप से तीर-धनुष समेत अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई है. जिला में निवास करने वाले केंद्रीय पदाधिकारियों और जिला पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. नेताओं ने कहा कि बूथ से लेकर प्रखंड स्तर तक संगठन को सक्रिय कर कार्यक्रम को व्यापक जनसमर्थन दिलाने का प्रयास किया जाएगा. बैठक में केंद्रीय सचिव सह बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती और जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी भी मौजूद रहे. दोनों नेताओं ने जिला समिति और प्रखंड समितियों को कार्यक्रमों की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही.




