आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी विभाग द्वारा विद्यालय परिसर में ‘हिंदी भाषा कौशल विकास प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषाई कौशल को बढ़ाना तथा मातृभाषा के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जागृत करना था. इस अवसर पर विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के लिए हिंदी काव्य-कथा वाचन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कविता पाठ और नैतिक कहानी वाचन शामिल था. नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आत्मविश्वास और भावपूर्ण प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया. माध्यमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के छात्रों ने ‘याद दिलाने वाला जादुई चश्मा’ विषय पर आकर्षक विज्ञापन बनाए. कई छात्रों ने ‘भूमंडलीय ताप’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता में अपने विचार व्यक्त किए. (नीचे भी पढ़ें)

उच्चतर माध्यमिक स्तर (कक्षा 9 से 12) के विद्यार्थियों के लिए ‘डिजिटल इंडिया और आधुनिक तकनीक: लाभ और हानियां’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई. निर्णायक की भूमिका सुजाता दास, सुनीति सिन्हा, रेनू सिंह एवं डेज़ी रानी चौहान ने निभाई. कार्यक्रम का सफल संचालन कंचन कुमारी द्वारा किया गया. इस आयोजन को सफल बनाने में रंजीता कौर, अपूर्वा डे और महेश्वर बेरा ने हिंदी विभाग को सहयोग प्रदान किया. इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक शिव शंकर डे एवं एडमिन हेड टी वेंकट राव विशेष रूप से उपस्थित रहे और सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुति की सराहना की. (नीचे भी पढ़ें)

विद्यालय के प्राचार्य रामा शंकर सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और भाषा के प्रति प्रेम को बढ़ाते हैं. उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता “निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल” के मंत्र को चरितार्थ करती है.















