जादूगोड़ा : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका के पोटका थाना क्षेत्र के पहाड़भांगा में रविवार को नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय युवक नदी में लापता हो गया. लापता युवक की पहचान टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को निवासी राजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है. बताया जाता है कि राजीव अपने करीब 5-6 दोस्तों के साथ पहाड़भांगा नहाने पहुंचा था. इसी दौरान वह अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में लापता हो गया. घटना रविवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है.
घटना के बाद से राजीव की लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था. (नीचे देखे पूरी खबर)

वहीं, उसके साथ मौजूद दोस्तों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है. युवक के लापता होने की खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों और दोस्तों में चिंता का माहौल है. परिजन युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद में लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं.




