
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के समीप रविवार रात एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है. बताया जा रहा है कि ऑटो चालक साकची से यात्रियों को लेकर बारिडीह की ओर जा रहा था. इसी दौरान एग्रीको सिग्नल पार करने के बाद अचानक ऑटो की रफ्तार तेज हो गई. चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया. वहीं दुर्घटनाग्रस्त ऑटो के सड़क पर पलटने के कारण करीब कुछ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही. बाद में पुलिस की मदद से ऑटो को हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया.




