जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के मून सिटी स्थित हनुमान मंदिर के पास सोमवार को एक अज्ञात महिला के पहुंचने से स्थानीय लोगों का ध्यान उसकी ओर गया. महिला ने अपना नाम रुपा बताया और खुद को सोनारी के कागलनगर की रहने वाली बताया है. स्थानीय लोगों के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी. महिला ने बातचीत के दौरान अपने पिता पर उसके साथ मारपीट करने और जलाने का आरोप लगाया. उसके बाएं पैर पर जलने के निशान भी दिखाई दे रहे हैं. महिला के अनुसार, कुछ दिन पहले हुई घटना के बाद उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि सोमवार को महिला अचानक एमजीएम अस्पताल से निकल गई और भटकते हुए मानगो के मून सिटी इलाके में पहुंच गई. यहां पहुंचने के बाद वह लगातार स्थानीय लोगों से अपनी मां के घर पहुंचाने की गुहार लगाती रही. महिला की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल उलीडीह थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. फिलहाल महिला द्वारा अपने पिता पर लगाए गए मारपीट और जलाने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस महिला से पूछताछ कर उसके परिवार से संपर्क करने और पूरे मामले की जांच में जुटी है.















