पोटका: कोवाली थाना क्षेत्र में झारखंड-ओडिशा सीमा स्थित बानाकाटा जंगल में एक सितंबर को हुई सिकंदर कुमार हत्याकांड का कोवाली पुलिस ने पांच दिनों के भीतर उद्भेदन कर दिया. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त स्टील का जीआई पाइप, एक कार, चार मोबाइल फोन समेत अन्य सामान और नकद रुपये बरामद किए गए हैं.कांड के अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि सिकंदर कुमार का विभा देवी के साथ प्रेम संबंध था. जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने विभा देवी के पति बागबेड़ा निवासी मिंटू साव को हिरासत में लेकर पूछताछ की. (नीचे भी पढ़े)

पूछताछ में कथित रूप से साजिश का खुलासा हुआ.पुलिस के अनुसार, मिंटू साव और विभा देवी ने मिलकर सिकंदर की हत्या की योजना बनाई और बड़ा बागलता गांव निवासी सुंदर दास को कथित रूप से 1.80 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी. इसमें 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे.पुलिस के अनुसार, योजना के तहत विभा देवी सिकंदर को रात में बानाकाटा जंगल लेकर गई. इसके बाद मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परसुराम दास वहां पहुंचे. आरोप है कि स्टील के जीआई पाइप से हमला कर सिकंदर की हत्या कर दी गई.हत्या के बाद आरोपियों ने सिकंदर के शव को उसकी मोटरसाइकिल समेत सड़क किनारे छोड़ दिया, ताकि प्रथम दृष्टया घटना सड़क दुर्घटना जैसी लगे. हालांकि पुलिस की जांच में हत्या की साजिश का खुलासा हो गया.(नीचे भी पढ़े)

एक सितंबर को बानाकाटा जंगल में सिकंदर कुमार का शव बरामद हुआ था. मृतक के भाई जितेंद्र शर्मा के बयान पर कोवाली थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सहयोग और विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू की.पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त स्टील का जीआई पाइप, एक कार, चार मोबाइल फोन समेत अन्य सामान और नकद रुपये बरामद किए हैं.छापेमारी दल में थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव, पुअनि सिदो मुर्मू, सहदेव सिंह, गौतम कुमार, अजंता महतो, सअनि रोशन कुजूर, प्रमोद सिंह, चौकीदार किरण महाकुड़, स्वदेश सीट, नगेन सरदार, अंजली किस्कू, बबलू हांसदा, अस्तुला खान, बीरेंद्र बिरुआ समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.







