चाईबासा : झारखंड ऑफिसर्स टीचर्स एंड एम्प्लॉईज फेडरेशन की पश्चिमी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से प्रांतीय कमेटी के निर्देशानुसार आज यहां मांगीलाल रुंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रांगण में दिवंगत झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजन किया गया. सभा में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू केवल एक मंत्री या जन प्रतिनिधि नहीं, बल्कि राज्य के कर्मचारियों के सुख-दुःख में साथ खड़े रहने वाले एक संवेदनशील साथी थे. झारखंड में पुरानी पेंशन योजना की बहाली की दिशा में उन्होंने कर्मचारियों की भावनाओं को समझते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कर्मचारियों के बुढ़ापे की सामाजिक सुरक्षा से जुड़े इस ऐतिहासिक निर्णय में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली के बाद भी कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें शिक्षकों के लिए एमएसीपी, सभी कर्मचारियों की सेवा अवधि 62 वर्ष करने तथा शिक्षण/शिशु शिक्षा भत्ता सहित अन्य मांगें सरकार के समक्ष विचाराधीन थीं. इन मांगों को लेकर श्री सोनू कर्मचारियों के साथ संवाद करते रहे और जल्द समाधान का भरोसा भी दिलाते रहे. उनके असामयिक निधन से कर्मचारी वर्ग ने अपना एक संवेदनशील और सहयोगी साथी खो दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

चाईबासा नगर अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन सरकार, संगठन और पूरे कर्मचारी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि श्री सोनू जिस सहजता और आत्मीयता के साथ कर्मचारियों की समस्याओं को सुनते थे, वह अपने आप में प्रेरणादायी था. वे केवल सरकार में मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि कर्मचारियों के एक साथी और शुभचिंतक के रूप में उनकी समस्याओं को समझते थे. कर्मचारियों के हित से जुड़े विषयों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा था. उनके जाने से सरकार और कर्मचारियों के बीच संवाद का एक संवेदनशील माध्यम भी कमजोर हुआ है. उनकी कार्यशैली, सरल व्यवहार और कर्मचारी हित के प्रति समर्पण लंबे समय तक याद किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

फेडरेशन के जिलाध्यक्ष मनोज राउत ने कहा कि श्री सोनू महासंघ के लिए एक मजबूत स्तंभ की तरह थे. कर्मचारी हित से जुड़े आंदोलनों, रैलियों और महासम्मेलनों में उनका सहयोग और उत्साहवर्धन सदैव याद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हित में श्री सोनू द्वारा किए गए कार्य और उनके साथ बिताए गए पल हमेशा स्मरणीय रहेंगे. जिला अध्यक्ष एलिस कुजूर ने भी दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कर्मचारी हित में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता. सभा को जिला सचिव हेमनाथ मिश्रा, प्रमंडलीय सदस्य सह जिला संरक्षक सपन कुमार साहू, जिला उपाध्यक्ष सुमित कुमार हासदा, विनोद कुमार ओझा सहित अन्य सदस्यों ने भी उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उनको भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. (नीचे भी पढ़ें)
श्रद्धांजलि सभा में जिला कोषाध्यक्ष गौर हरि महतो, परमेश्वर महतो, जन्मेजय प्रधान, त्रिलोचन साहू, मनोज कुमार मिश्रा, संजय देवगम, सुशांत राउत, हिमांशु शेखर, प्रत्यूष भास्कर, मानस गोराई, प्रमोद सिन्हा, दीप्ति सिन्हा, चंदन मिश्रा, पुरुषोत्तम महतो, विकास ठाकुर सहित फेडरेशन के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.







