चाईबासा: सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल,चाईबासा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद दास अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित हुए और विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी.विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने डालसा के सदस्यों का परिचय कराते हुए कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार समाज के विभिन्न कानूनी मामलों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है.(नीचे भी पढ़े)
डालसा प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद दास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि किसी भी कानूनी समस्या, शोषण अथवा कठिन परिस्थिति में बच्चे इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं.उन्होंने विद्यार्थियों को नागरिक शास्त्र में वर्णित अनुच्छेद 12 से 32 तक के मौलिक अधिकारों का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया.विशेष रूप से उन्होंने शिक्षा के अधिकार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है.उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार बच्चों सहित जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता उपलब्ध कराता है.कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना था. विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में रुचिपूर्वक भाग लिया और विधिक जानकारी प्राप्त की.




