जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र के बेलटांड़ मोड़ पर मैजिक वाहन चालक के साथ मारपीट कर रुपये और महत्वपूर्ण दस्तावेज छीने जाने का मामला सामने आया है. मामले में बिडरा निवासी 48 वर्षीय साधन कुमार कैवर्त ने पटमदा थाना में लिखित शिकायत देकर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. साधन कुमार के अनुसार, वह मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. रविवार रात करीब नौ बजे वह टाटा से यात्रियों को लेकर घर लौट रहे थे. बेलटांड़ मोड़ पर दो यात्रियों को उतारने के बाद उन्होंने निर्धारित किराया मांगा. आरोप है कि एक यात्री ने किराया देने से इनकार कर उन्हें धमकी दी और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद लावा (बेलटांड़) निवासी सूरज सिंह, महेश दास, मनोज दास, सोमनाथ मोदक, पटमदा बस्ती निवासी सोनू प्रमाणिक एवं दो अन्य लोग वहां पहुंचे. आरोप है कि सभी ने मिलकर साधन कुमार को लात-घूसों से मारना शुरू कर दिया. मारपीट में उनकी नाक से खून निकलने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
साधन ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पास मौजूद रुपये और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी छीन लिए. किसी तरह मौके से निकलकर उन्होंने रांगाटांड़ के पास वाहन खड़ा किया और परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी. परिजनों के पहुंचने तक उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए. इसके बाद परिजन उन्हें माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. इलाज कराने के बाद मंगलवार को साधन कुमार कैवर्त ने पटमदा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और छीने गए रुपये व महत्वपूर्ण दस्तावेज वापस कराने की मांग की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.




