जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-5 में मंगलवार शाम पुराने विवाद को लेकर तीन भाइयों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना करीब शाम 4:30 बजे हरि मंदिर के सामने की बताई जा रही है. घायल भाइयों की पहचान हीरू साव, पप्पू साव और सुजीत साव के रूप में हुई है.घायलों ने आरोप लगाया है कि हरि मंदिर के पास करीब 10 से 12 युवक शराब पी रहे थे. इसी दौरान ट्रांसपोर्टिंग का काम करने वाले तीनों भाई अपना हिसाब-किताब लेकर वहां से गुजर रहे थे. आरोप है कि युवकों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी. घायलों के मुताबिक उनके पास करीब 40 से 45 हजार रुपये, गले में चेन और हाथ में कड़ा था जिसे मारपीट के दौरान छीन लिया गया. (नीचे भी पढे)
आरोप है कि डंडे कड़े, चेयर से भी तीनों के साथ मारपीट की गई जिससे उनके शरीर पर चोट और कटने के निशान आए. घायलों ने रिशु यादव, कठोर यादव, अभिषेक लोहार और बादल पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि इन युवकों ने पहले भी उनके साथ ऐसी घटना को अंजाम दिया था. उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था लेकिन मंगलवार को एक बार फिर विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हुई.घटना के बाद तीनों भाई घायल हालत में बिरसानगर थाना पहुंचे. पुलिस ने उनके शरीर पर चोट के निशान देखते हुए उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. वहीं घायलों ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान एक राउंड फायरिंग की गई. फायरिंग और रुपये व सामान छीनने के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है.




