जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने समिति के अध्यक्ष सह पूर्व भू-राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां के नेतृत्व में जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब से उनके कार्यालय में मुलाकात की. अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में आगामी शारदीय दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए समिति द्वारा की जा रही तैयारियों से अवगत करवाते हुए 34 सूत्री मांगें उनके समक्ष रखीं. (नीचे भी पढ़ें)
इन मांगों में मुख्य रूप से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की लंबित दुर्गा पूजा अनुज्ञप्तियों को यथासमय निर्गत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा के दौरान निर्बाध बिजली अपूर्ती सुनिश्चित कराने, पूजा के दौरान बरसात को देखते हुए टाटा स्टील से स्लैग की आपूर्ति कराने, पूजा पंडालों तक पहुंचने वाली सडकों की मरम्मत कराने, चलंत बायो टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने, विसर्जन मार्ग के बीच में आनेवाले बिजली के तारों की मरम्मत कराने तथा पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने समेत अन्य महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं. साथ ही, समिति के अध्यक्ष ने उपायुक्त से आग्रह किया कि झारखण्ड सरकार के द्वारा राज्य भर की पूजा कमिटियों को तथा अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाली दुर्गा पूजा कमिटियों को सम्बंधित कॉर्पोरेट संस्थाएं निगमित सामाजिक दायित्व के तहत भोग आदि के निर्माण के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान करें. साथ ही, सप्तमी, अष्टमी, नवमी एवं दशमी को अग्निशमन सेवा एवं चलंत स्वास्थ्य सेवा सक्रिय रखने तथा सप्तमी, अष्टमी, नवमी एवं दशमी को शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई. (नीचे भी पढ़ें)
वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आपात स्थिति से निपटने के लिए पूजा पंडालों से मेन रोड तक ग्रीन कॉरिडोर बनवाने, पूजा पंडालों में महिला पुलिस बल की पर्याप्त संख्या में नियुक्ति करने, पूजा से पूर्व विसर्जन घाटों की मरम्मत करवा कर नदी में डेंजर जोन को लाल रिबन द्वारा चिह्नित कर वहां सुरक्षा के पर्याप्त उपाय कराने तथा संवेदनशील पूजा पंडालों में विशेष पुलिस बल तैनात करने जैसे मुद्दों पर प्रमुखता से ध्यान आकृष्ट कराया. प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने अनावश्यक जाम की स्थिति से बचने के लिए पूजा पंडालों से कुछ दूरी पर स्थानों को चिह्नित कर पार्किंग की व्यवस्था कराने की भी मांग रखी. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की सभी मांगों को ध्यान से सुनने और सम्बंधित विभागों और थाना प्रभारियों से उनका अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु निर्देशित करने का भरोसा दिलाया. अधिकरीद्वय ने सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा सुझाये गए बिन्दुओं पर जिला प्रशासन गंभीर है और सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति जैसी सक्रिय संस्थाओं के सहयोग से दुर्गोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है. (नीचे भी पढ़ें)
इस प्रतिनिधिमंडल में महासचिव ललन यादव, वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता, बलदेव सिंह मेहरा, पवन कुमार उपाध्याय, संयुक्त सचिव डॉ श्याम शर्मा, अधिवक्ता विनीता मिश्रा, हर्ष उपाध्याय, सचिव कुंज विभोर, हर्ष यादव, प्रोफेसर मनोज किशोर, देवदर्शिनी बोस, कार्यालय सचिव कमल राम यादव, तापस रामस्वरूप यादव, जितेंद्र कुमार वीरेंद्र सिंह, कमल यादव अनिरुद्ध गिरि, नंदकिशोर ठाकुर, देवासनी बोस, सुल्तान अहमद, आशीष ठाकुर, अशोक कुमार सिंह, भोला लोहार, कुमार गौरव, चटर्जी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे.




