पटना: बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को वैशाली के बाढ़ प्रभावित राघोपुर इलाके का जायजा लेने पहुंचे. दोनों नेताओं ने तेरसिया और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित लोगों तथा किसानों से बातचीत की. बाढ़ के पानी और जलभराव वाले इलाकों तक पहुंचने के लिए ट्रैक्टर का भी इस्तेमाल किया गया.दौरे के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री का विशेष फोकस बाढ़ से किसानों को हुए नुकसान पर रहा. तेरसिया क्षेत्र में खेतों और बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर फसल क्षति की स्थिति देखी गयी. किसानों से बातचीत कर बाढ़ के कारण खेती पर पड़े असर की जानकारी ली गयी. (नीचे भी पढ़े)
केंद्रीय टीम भी बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर रही है.राघोपुर के कई गांव बाढ़ से प्रभावित हैं. गंगा के जलस्तर बढ़ने से खेतों में पानी पहुंचने के कारण फसलों को नुकसान हुआ है. स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव कार्य भी जारी है.मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार, 15 सितंबर को बाढ़ प्रभावित 8,27,472 परिवारों के बैंक खातों में 7,000 रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 579.23 करोड़ रुपये की आनुग्रहिक राहत राशि ड़ीबीटी के माध्यम से भेजने की शुरुआत की थी.इस राहत के बीच राघोपुर में मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री का दौरा फसल क्षति और जमीनी स्थिति के आकलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और नुकसान की जानकारी ली जा रही है.







