जमशेदपुर : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है. गैंगस्टर विक्रम शर्मा की कंपनी विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के सिदगोड़ा शिवसिंह बगान स्थित दफ्तर पर छापामारी की है. कार्यालय का ताला तोड़कर पुलिस ने यह कार्रवाई की. इस दौरान मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गयी थी. पुलिस निखार सबलोक हत्याकांड में शामिल मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव से जुड़े तमाम दस्तावेजों को खंगाल रही है. इस दौरान कार्यालय में जाकर पुलिस की टीम ने दस्तावेजों की जांच की. सारे टेबुल के दराज और तमाम चीजों के कागजों को देखा. इसके बाद टीम वहां से कई सारे दस्तावेज लेकर चली गयी. (नीचे भी पढ़े)

इसी कार्यालय में बैठकर विक्रम शर्मा अपना उद्योग चलाता था. उसकी देहरादून में हत्या के बाद अशोक सिंह राघव द्वारा सारे मामले को देखा जाता था. इस मामले में दो दिनों पहले अशोक सिंह राघव के सोनारी स्थित दफ्तर और आवास में भी पुलिस ने छापामारी की थी. इस छापामारी में सिदगोड़ा पुलिस के अलावा चांडिल, साकची, बिष्टुपुर की पुलिस थी. पुलिस इस मामले से जुड़े तमाम बिंदूओं की जांच कर रही है. खास तौर पर अपराधियों के वित्तीय स्थिति को लेकर भी नजर रखकर कार्रवाई की जा रही है. इस दौरान पूरे क्षेत्र की घेराबंदी पुलिस ने कर दी थी.




