जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुल 21 दो पहिया वाहनों के साथ 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है. गिरफ्त आरोपियों में बागबेड़ा शीतला मंदिर रोड नंबर 1 के पास का रहने वाला महेश कुमार उर्फ गोलू (19), पोटका जोजोसाई का रहने वाला मुनीराम मुर्मू (24), पोटका जोजोसाई का रहने वाला कारू मार्डी (24), बागबेड़ा लाल बिल्डिंग दुर्गा पूजा पंडाल के समीप का रहने वाला विक्रांत साहनी (22), बागबेड़ा लाल बिल्डिंग दुर्गा पूजा पंडाल के समीप का रहने वाला विक्रम साहनी (22), कोवाली नरदा थाना का रहने वाला अशोक पात्रो (24), कोवाली कुंदरूकोचा थाना क्षेत्र का रहने वाला पेलाराम सरदार (31) और कोवाली बोंगादुंगरी का रहने वाला काशीनाथ सरदार (29) शामिल है. जमशेदपुर के एसएसपी ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि सोमवार (21 सितंबर) की रात्री बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के पीएम मॉल के पास से चोरी की दो स्कूटी के साथ दो युवकों को पकड़ा गया. तलाशी लेने पर पता चला कि उनकी स्कूटी चोरी की है. उनके निशानदेही पर बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्र में लगातार छापेमारी की गई. छापेमारी के क्रम में विभिन्न स्थानों से कुल 21 चोरी के दो पहिया वाहन बरामद किए गए तथा कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. एसएसपी ने बताया ये अभियुक्त भीड़भाड़ वाले स्थान जुबिली पार्क, नेचर पार्क, पीएम मॉल एवं अन्य स्थानों से दो पहिया वाहनों की चोरी करते थे. चोरी किये गए वाहनों की पहचान छुपाने के लिए उनका रजिस्ट्रेशन नंबर और नंबर प्लेट बदल कर ओडिशा और उससे सटे गांवों में बिक्री कर देते थे. फिलहाल उन सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है.




