जमशेदपुर: शुक्ल पक्ष भाद्र एकादशी के अवसर पर मंगलवार, 22 सितंबर को टेल्को घड़ी पार्क बस स्टैंड के समीप आखड़ा मैदान में देसुआ आदिवासी कुड़मी समाज, बिरसानगर-टेल्को करम आखड़ा की ओर से जनजातीय प्राकृतिक आस्था का महापर्व करम परब श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में नायके प्रकाश महतो द्वारा विधिवत करम सेंउरन-अराधना की गई.
करम पर्व के लिए पांच दिन पूर्व जाउआ डाला उठाकर विशिष्ट नेग-नीति का पालन करने वाली कुवांरी कन्याएं टिआसा महतो, लक्ष्मी महतो, स्वीटी महतो, अनुप्रिया महतो और अनुप्रभा महतो भी पूजा में विशेष रूप से शामिल हुईं.(नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर देसुआ आदिवासी कुड़मी समाज के मुख्य संयोजक प्रसेनजीत महतो ने कहा कि करम परब आदि विशिष्ट संस्कृति का परिचायक है. यह पर्व प्रकृति के संरक्षण और सम्मान का संदेश देता है. उन्होंने महिलाओं और युवाओं से अपनी भाषा, संस्कृति, धर्म एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की.उन्होंने कहा कि कुड़मी समुदाय की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को बाहरी सांस्कृतिक प्रभावों से बचाने के लिए अपनी परंपराओं को जानना और समझना आवश्यक है. इस अवसर पर प्रकाश महतो, प्रणव महतो, नरु महतो, पवन महतो, उदित महतो, सुजीत महतो, संजय महतो समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे.







