जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के बिरसानगर जोन नंबर-7 निवासी 23 वर्षीय अंजलि लोहार मंगलवार सुबह करीब पांच बजे घर से निकलने के बाद लापता हो गई. अंजलि एबीएम कॉलेज में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही है. परिजनों के अनुसार, वह बैंकिंग की पढ़ाई के लिए करीब दो माह पहले अपने मामा से 24 हजार रुपये लेकर आई थी, जिसकी जानकारी परिवार को नहीं थी. दो दिन पहले इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने उससे पूछताछ की थी. अंजलि के बड़े भाई विनय लोहार के अनुसार, सोमवार को मां ने बिना बताए रुपये लेने को लेकर उसे डांटा था. मंगलवार सुबह अंजलि ने पिता को पानी दिया. इसके बाद पिता के बाथरूम जाने के दौरान वह स्कूल बैग लेकर घर से निकल गई. (नीचे भी पढ़ें)

कुछ देर बाद परिजनों को उसके लापता होने की जानकारी हुई तो तलाश शुरू की गई. घर से अंजलि का लिखा एक नोट भी मिला है, जिसके बाद परिजन चिंतित हैं. नोट में उसने माता-पिता का भरोसा तोड़ने और खुद को अच्छी बेटी नहीं होने की बात लिखी है. परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला. इसके बाद गोलमुरी थाना में सूचना दी गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. परिजनों के अनुसार, अंजलि ने बैंगनी सलवार-सूट और नीला स्कूल बैग पहना था. बैग में जरूरी दस्तावेज हैं. जानकारी मिलने पर 6204931132, 7717768176 या 912260407 पर सूचना देने की अपील की गई है.




