रांची: भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने विभिन्न राज्यों के लिए प्रभारी और सह प्रभारी की नई सूची जारी की है. इस सूची में झारखंड की संगठनात्मक जिम्मेदारी मध्य प्रदेश के वरिष्ठ आदिवासी नेता और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल को सौंपी गई है. उनके साथ संतोष सिंह और बिहार की निवेदिता सिंह को झारखंड का सह प्रभारी बनाया गया है. पार्टी ने दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, लद्दाख और लक्षद्वीप समेत कई राज्यों में भी नई जिम्मेदारियां तय की हैं. गजेंद्र पटेल की नियुक्ति को झारखंड में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.गजेंद्र पटेल का राजनीतिक जीवन सीधे चुनावी राजनीति से शुरू नहीं हुआ. वे बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा से जुड़े रहे. 1990 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से उन्होंने संगठनात्मक काम शुरू किया. इसके बाद युवा मोर्चा, वनवासी कल्याण परिषद और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई. यही लंबा संगठनात्मक अनुभव उन्हें भाजपा के महत्वपूर्ण नेताओं में शामिल करता है.(नीचे भी पढ़े)
भाजपा नेतृत्व ने अब उन्हें झारखंड का प्रभारी बनाकर संगठन को नई दिशा देने की जिम्मेदारी सौंपी है. उनके साथ संतोष सिंह और निवेदिता सिंह सह प्रभारी के रूप में काम करेंगे. माना जा रहा है कि लंबे संगठनात्मक अनुभव और आदिवासी क्षेत्रों में मजबूत पकड़ के कारण उन्हें झारखंड जैसी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इकाई की जिम्मेदारी दी गई है, जहां पार्टी संगठन को और मजबूत करने की तैयारी में जुटी है.17 अगस्त 2026 को भाजपा ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की, जिसमें गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया. यह भाजपा संगठन के सबसे महत्वपूर्ण पदों में से एक माना जाता है. मध्य प्रदेश के निमाड़ क्षेत्र से आने वाले आदिवासी नेता के रूप में उनकी पहचान अब केवल खरगोन के सांसद तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक फैसलों में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं. इसके अलावा भाजपा ने हरीश द्विवेदी को बिहार का प्रदेश प्रभारी बनाया है. हरीश द्विवेदी उत्तर प्रदेश से आते हैं. वह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं. इससे पहले वह असम के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.हरीश द्विवेदी के साथ बिहार के लिए दो सह प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं. उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सांसद संगीता यादव और कांग्रेस से भाजपा में आए रोहन गुप्ता को बिहार का सह प्रभारी बनाया गया है.




