घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी काशिदा में 55 वर्षीय महिला उमा गोस्वामी की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके 34 वर्षीय बेटे गोवर्धन गोस्वामी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गुस्से में लकड़ी के कुंदे से अपनी मां के सिर पर वार कर हत्या कर दी और शव को कमरे में छोड़कर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया. जानकारी के अनुसार, उमा गोस्वामी अपने बेटे गोवर्धन के साथ रहती थीं. गोवर्धन का स्वभाव गुस्सैल था और अक्सर मां के साथ विवाद होता था. 19 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे मां की तबीयत खराब होने पर उन्होंने अस्पताल ले जाने की बात कही और डांट-फटकार की. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान गुस्से में गोवर्धन ने लकड़ी के कुंदे से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने शव को कमरे में छोड़ दिया और कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी. पुलिस के अनुसार, वह पिछले तीन-चार दिनों से घर के दूसरे कमरे में सो रहा था और बाहर से खाना लाकर वापस घर में छिप जाता था. इस बीच 19 से 21 सितंबर तक घर से कोई हलचल या आवाज नहीं आने पर पड़ोसियों ने मृतका की बड़ी बेटी को सूचना दी. 21 सितंबर की रात बेटी और परिजन घाटशिला पहुंचे. घर अंदर से बंद था. गोवर्धन के दरवाजा खोलने पर कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी. कमरे में फर्श पर उमा गोस्वामी का सड़ा हुआ शव पड़ा मिला. मामले में मृतका की बेटी प्रमिला सिंह की शिकायत पर घाटशिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का कुंदा बरामद किया गया. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.




