रामगोपाल जेना डांगुवापोसी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प अभियान के तहत केन्द्रीय विद्यालय डांगुवापोसी में ‘सपनों का भारत’एवं ‘विकसित भारत’विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री मोदी के सेवा कार्यों, राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत की परिकल्पना को चित्रों एवं अपने विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया. इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई.कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा उपस्थित रहीं. विद्यालय के प्राचार्य विकास कुमार, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं नगर के प्रबुद्धजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए.पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए देश को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी, सशक्त एवं समृद्ध बनाने की दिशा में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है.(नीचे भी पढ़े)

उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश के भविष्य की मजबूत नींव हैं. बच्चों को शिक्षा के साथ शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनमें राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है. उन्होंने दूर-दराज के पहाड़ी, वन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने पर जोर दिया.श्रीमती गीता कोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सभी की सहभागिता जरूरी है.उन्होंने गरीब कल्याण अन्न योजना, कौशल विकास योजना, किसान सम्मान निधि एवं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने एवं पात्र लोगों को इसका लाभ दिलाने का आह्वान किया.प्राचार्य विकास कुमार ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं प्रतिभा का विकास होता है और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है.(नीचे भी पढ़े)

चित्रकला प्रतियोगिता के परिणाम में जूनियर वर्ग में मनीषा सोय प्रथम, निशा कुमारी द्वितीय एवं विवेक कुमार तृतीय रहे. सीनियर वर्ग में श्याम बारीक प्रथम, अनिरबन कैवर्त द्वितीय एवं देविका पुरती तृतीय रहे. भाषण जूनियर वर्ग में प्रिया गोप प्रथम, पिहु प्रजापति द्वितीय एवं अनम परवीन तृतीय रहीं. सीनियर वर्ग में स्मृति सिन्हा प्रथम एवं रिया कुमारी साह द्वितीय रहीं. विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण की भावना, रचनात्मक सोच एवं आत्मविश्वास विकसित करना तथा विकसित भारत के संकल्प से नई पीढ़ी को जोड़ना रहा. इस अवसर पर उप प्रमुख भरत गोप सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.




