जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के इंचडा गांव के उरांव समाज की ओर से आयोजित दो दिवसीय करमा महोत्सव हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बुधवार को संपन्न हो गया.संध्या समय करम डाली विसर्जन के साथ पूजा का समापन किया गया. करमा पूजा को लेकर उरांव समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला. पूजा के अवसर पर बीते मंगलवार की रात समाज के लोगों ने रातभर जागरण किया. इस दौरान पारंपरिक गीत-संगीत और पूजा-अर्चना के माध्यम से करमा देवता की आराधना की गई व सुख समृद्धि की मन्नत मांगी.संध्या समय करम डाली को लेकर समाज के लोग ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए यूसिल डैम स्थित गुरा नदी की ओर रवाना हुए. इस दौरान महिला-पुरुष और समाज के अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. करम डाली विसर्जन के दौरान पूरे रास्ते पारंपरिक नृत्य और ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देती रही. यूसिल डैम पर पहुंचने के बाद विधि-विधान के साथ करम डाली का विसर्जन किया गया.(नीचे भी पढ़े)
इसके साथ ही उरांव समाज का कर्मा पूजा समारोह समाप्त हो गया. समाज की ओर से भारती उरांव, महावीर उरांव, रवि लकड़ा, सुनीता उरांव, सोनिया उरांव ने कहा कि कर्मा पूजा उरांव समाज के प्रमुख पारंपरिक त्योहारों में से एक है. यह पर्व प्रकृति,भाई-बहन के प्रेम और सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ा हुआ है. पर्व के दौरान समाज के लोग एकजुट होकर अपनी सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन करते हैं. कर्मा पूजा के माध्यम से नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और रीति-रिवाजों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है. इस मौके पर अजीत सिंह,अमित उरांव,निखिल उरांव,सिमो उरांव,समीर उरांव, राहुल उरांव,अजीत उरांव, अजय उरांव, लखी उरांव, करण उरांव, विश्वनाथ उरांव,अगस्टिन उरांव, पुजारी अजय उरांव सहित उरांव समाज के काफी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद थे.




