जमशेदपुर : जमशेदपुर के घाटशिला विधानसभा से विधायक सोमेश सोरेन की स्कॉट गाड़ी एक सड़क हादसे का शिकार हो गया है. इस घटना में उनकी सुरक्षा में तैनात जवानों के घायल होने की सूचना है. घायलों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया है. जहां सारे जवानों की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है. हालांकि, एक जवान को ज्यादा चोट आयी है. मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के बेटे और घाटशिला से विधायक सोमेश सोरेन को सुरक्षा के लिए एक स्कॉट दी गयी है.(नीचे भी पढ़े)

स्कार्पियों में सुरक्षा बल की टीम चलती है जबकि वे फाच्यूनर से चलते है. बुधवार की देर शाम को अचानक से पिपला (एनएच 33) के पास स्कॉट गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिसके बाद वहां चीख पुकार मच गयी. स्थानीय पुलिस को तत्काल सूचना दी गयी. इसके बाद विधायक सोमेश सोरेन ने सारे गार्ड को वहां से अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है.हादसे में चालक आशीष शर्मा, रोहित वर्मा तथा बॉडीगार्ड पोलिश किस्कु और सुरई हेंब्रम घायल हुए. सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल लाया गया. अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद बताया गया कि रोहित वर्मा को अपेक्षाकृत अधिक चोट लगी है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. हादसे की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में जेएमएम कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई. गालूडीह पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.




