जमशेदपुर : बीते 20 सितम्बर को ओडिशा के मयूरभंज जिले के चम्पुआ थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में जमशेदपुर बर्मामाइंस निवासी संजय कुमार शर्मा की मृत्यु हो गई. मृतक संजय शर्मा ओडिशा के मयूरभंज में एक निजी प्रतिष्ठान में काम करते थे और अपनी मोटरसाइकिल से जमशेदपुर से काम पर जा रहे थे. चम्पुआ थाना क्षेत्र में सामने से गलत दिशा से आ रहे दो युवकों की मोटरसाइकिल ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद संजय शर्मा असंतुलित होकर सामने से आ रहे एक भारी वाहन (ट्रेलर) की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई. गलत दिशा से आ रहे दो अन्य युवक दिव्य रंजन पात्र और चंदन महंत भी घायल हुए हैं, जो चम्पुआ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती हैं. (नीचे भी पढ़े)
मृतक अपने घर में अकेले कमाने वाले थे. उनके परिवार में पत्नी के अलावा 3 वर्ष का एक बेटा और डेढ़ वर्ष का एक छोटा बच्चा है. पिता की मृत्यु के बाद घर में रो-रोकर बुरा हाल है और जीवन चलाने का कोई साधन नहीं बचा है. परिवार वालों का कहना है कि घटना के बाद चम्पुआ थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट लिखवाने में बहुत कठिनाई हुई. बहुत हाथ-पैर जोड़ने के बाद थानेदार ने रिपोर्ट तो ले ली, पर अभी तक परिवार को उसकी पावती प्रति नहीं दी गई है. परिवार ने प्रशासन से निवेदन किया है कि उन्हें प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआइआर) की प्रति तुरंत दी जाए. सरकार के नियम के अनुसार जो तुरंत मिलने वाला मुआवजा है, वह दिलाया जाए. जिस प्रतिष्ठान में संजय काम करते थे, उस प्रतिष्ठान से मिलने वाली बीमा की राशि परिवार को दिलाने में प्रशासन मदद करे, ताकि दो छोटे बच्चों की पढ़ाई और विधवा पत्नी का भरण-पोषण हो सके. परिवार ने जमशेदपुर और मयूरभंज प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है.




