जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के हाशमी मोहल्ले में बुधवार को 14 वर्षीय नाबालिग शाइबा परवीन का शव घर में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतका की पहचान शाइबा प्रवीण, पिता मोहम्मद गफ्फार अंसारी, निवासी हाशमी मोहल्ला के रूप में हुई है. परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद कपाली ओपी पुलिस को सूचना दी गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया नाबालिग के फंदे से लटककर जान देने की बात सामने आई है. हालांकि, घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल और आसपास की परिस्थितियों की जांच कर रही है.पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. नाबालिग की मौत के बाद हाशमी मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और आसपास के लोग भी उसके घर पहुंच रहे हैं.




