जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी में बैंक डकैती और ज्वेलरी दुकान में चोरी के विरोध में शनिवार को गोलमुरी बाजार बंद रहा. सुबह से ही बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं. बाजार क्षेत्र और सड़क किनारे सामान्य दिनों की तुलना में सन्नाटा पसरा रहा. गुरुवार को हुई दोनों आपराधिक घटनाओं के विरोध में बाजार समिति ने शुक्रवार शाम बैठक कर शनिवार को बाजार बंद रखने का निर्णय लिया था. दुकानदारों ने अपराध पर रोक लगाने और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर अपने प्रतिष्ठान बंद रखे. कारोबारियों का कहना है कि एक ही दिन में बैंक और ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

गुरुवार सुबह गोलमुरी स्थित केनरा बैंक की शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने करीब 33.20 करोड़ रुपये के जेवर और नकदी लूट ली थी. इसी रात बैंक से करीब 150 मीटर दूर आरती ज्वेलर्स में भी चोरी हुई. चोर वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में दाखिल हुए और करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा गल्ले में रखे 15 हजार रुपये लेकर फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

आंदोलन की चेतावनी : घटनाओं को लेकर कारोबारियों में आक्रोश है. बाजार समिति की बैठक में दुकानदारों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा. पुलिस आरती ज्वेलर्स चोरी मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)
भाजपा ने किया बंद का समर्थन : गोलमुरी बाजार बंद का भाजपा ने भी समर्थन किया। गोलमुरी भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने कहा कि पार्टी दुकानदारों के साथ खड़ी है और बंद को सफल बनाने में सहयोग करेगी.







