चाईबासा : गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को गांधी मैदान चाईबासा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नव अधिष्ठापित आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया. झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा ने प्रतिमा का अनावरण किया. इस दौरान मंत्री दीपक बिरुवा सहित उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. साथ ही देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया गया. कार्यक्रम में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल, डिजिटल घड़ी सहित अन्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, चाईबासा नगर परिषद के सफाई कर्मियों के बीच सुरक्षा किट का वितरण किया गया. इस दौरान सफाई कर्मियों के योगदान और उनकी सुरक्षा को लेकर भी संदेश दिया गया. मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है. उन्होंने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ ली और घर, कार्यस्थल तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया.




