रामगोपाल जेना,चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन,अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण के खिलाफ जिला खनन टास्क फोर्स का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से बालू का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई.अभियान के दौरान मुफ्स्सिल थाना क्षेत्र से अवैध बालू परिवहन करते हुए एक बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया गया. वहीं चक्रधरपुर थाना क्षेत्र से एक बालू लदा ट्रैक्टर और एक हाइवा जब्त किया गया.(नीचे भी पढ़े)

इस तरह जिला खनन टास्क फोर्स की कार्रवाई में कुल 3 वाहन अवैध बालू परिवहन के मामले में जब्त किए गए. जब्त सभी वाहनों को नियमानुसार कब्जे में लेकर संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया गया है.मामलों में प्रचलित नियमों एवं कानूनी प्रावधानों के तहत अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.उन्होंने कहा कि खनिज संपदा के अवैध दोहन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी.




