जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर की अग्रणी और ऐतिहासिक सांस्कृतिक संस्था जमशेदपुर के बिष्टुपुर एल रोड स्थित मद्रासी सम्मेलनी के तत्वावधान में रविवार को 24वें पुस्तक अनुदान समारोह का आयोजन किया गया. संस्था परिसर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में शहर के 11 विद्यालयों के वंचित व कमजोर वर्ग से आने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के बीच कुल 2,33,300 रुपये की वित्तीय सहायता राशि वितरित की गई. संस्था सामाजिक व मानवीय सरोकारों के तहत वर्ष 1992-93 (प्लेटिनम जुबली वर्ष) से ही मेधावी विद्यार्थियों को निरंतर सहायता प्रदान करती आ रही है. समारोह के दौरान विद्यार्थियों के अलावा पांच प्रमुख प्रोजेक्ट स्कूलों—बाल कल्याण विद्या मंदिर, डीबीएमएस लिलिपुट स्कूल, प्रेम ज्योति प्रांगण, ट्राइबल एजुकेशन मिशन और भारती विद्यालय को भी 25-25 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
इसके साथ ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहे समाज के कमजोर वर्ग के छह जरूरतमंद लोगों को कुल 50,000 रुपये की चिकित्सीय सहायता प्रदान की गई. समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित डीबीएमएस स्कूल की वित्त समिति के अध्यक्ष डॉ बी चंद्रशेखर ने अपने हाथों से लाभार्थियों को चेक प्रदान किए. उन्होंने मद्रासी सम्मेलनी की इस दीर्घकालिक सामाजिक परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की मदद करने की यह पहल प्रेरणादायी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि शहर की अन्य संस्थाएं भी आगे आकर समाज के वंचित वर्गों को संबल प्रदान करेंगी. कार्यक्रम को सफल बनाने में मद्रासी सम्मेलनी के अध्यक्ष जी. शंकर, उपाध्यक्ष वी. नटराजन, सचिव एस. सुब्रमण्यम, कोषाध्यक्ष ए. आर. गोपालन, सदस्य एम. एस. वी. शिव व एस. शेषाद्रि के अलावा अध्यक्ष एस. रमेश, उपाध्यक्ष शिव कुमार, सचिव एन. श्रीनिवासन, कोषाध्यक्ष के. राघवन, सह-सचिव दिलीप कुमार, समिति सदस्य के. वी. गोविंद, एस. श्रीनिवासन और प्रबंधक जी. रवि कुमार का सराहनीय योगदान रहा.




