जमशेदपुर : टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज श्रमिक यूनियन कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम में यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, उनके विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला. रघुनाथ पांडेय ने कहा कि महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांत तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की भावना आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणादायक हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि इन महान नेताओं के विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखते हुए, अपने दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर भी अपनाना चाहिए. उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी एकता, अनुशासन, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया. इस अवसर पर यूनियन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी समिति के सदस्य उपस्थित रहे. उपस्थित सभी सदस्यों ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों एवं सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया.




