जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद की ओर से स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने किया. अभियान में नगर परिषद के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लेकर स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया. अभियान के दौरान अध्यक्ष नौशीन खान सहित नगर परिषद के प्रतिनिधियों और अन्य प्रतिभागियों ने स्वयं हाथों में झाड़ू लेकर सफाई की. इस अवसर पर प्रतिभागियों ने सार्वजनिक स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों की सफाई करते हुए लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया. अभियान के दौरान ‘एक तारीख, एक घंटा, एक साथ’ और ‘श्रमदान’ का संदेश भी दिया गया. बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से पूरा वातावरण स्वच्छता और सामूहिक सेवा की भावना से ओत-प्रोत नजर आया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्षा नौशीन खान ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए. उन्होंने कहा कि शहर और मोहल्ले को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर परिषद की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है. नौशीन खान ने जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने घरों के साथ-साथ गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का भी ध्यान रखें, कचरा सड़कों पर न फेंकें और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि जनसहयोग के बिना किसी भी स्वच्छता अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता. उन्होंने आगे कहा कि जुगसलाई को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से स्वच्छता और जन-जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां लगातार जारी रखी जाएंगी. अभियान में शामिल लोगों ने स्वच्छता को महज एक औपचारिक गतिविधि के बजाय सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में प्रस्तुत किया. प्रतिभागियों ने अपना समय और श्रम लगाकर श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपनी भूमिका निभा सकता है.




