जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी कैनरा बैंक डकैतीकांड के मामले में पुलिस लगातार छापामारी कर रही है. डकैती की घटना को अंजाम देने वाले सारे अपराधियों की पहचान होने के बाद बिहार और झारखंड के कई ठिकानों पर जमशेदपुर पुलिस छापामारी कर रही है. इसमें एसआइटी के लोगों को शामिल किया गया है. घटना में शामिल डकैतों में बिहार के पटना के धनोख डोभ गोसाई गांव निवासी अक्षय कुमार उर्फ साका, पश्चिम बंगाल के वर्धमान के रानीगंज का रहने वाला अमन सिंह, पूर्वी चंपारण का रहने वाला ऋतिक कुमार, समस्तीपुर के अंगारघाट निवासी दर्शन कुमार उर्फ प्रियदर्शी शामिल है. इन सारे लोगों के साथ दो और लोग शामिल है, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो पायी है. पुलिस ताबड़तोड़ छापामारी कर रही है. (नीचे भी पढ़े)
इसको लेकर बंगाल और बिहार की पुलिस की भी मदद ली जा रही है. पुलिस की जांच व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह बात सामने आयी है कि 24 सितंबर को केनरा बैंक में डकैती की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मोटरसाइकिल से परसुडीह और सुंदरनगर के रास्ते पोटका होते हुए ओडिशा की ओर गये थे. पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आयी है कि केनरा बैंक में डकैती करने वाले पांच अपराधी अलग- अलग होटल व लॉज में ठहरे थे, ताकि किसी को उनपर शक न हो सके. एक अपराधी साकची टीना शेड में एक लॉज में रुका था, पुलिस ने लॉज संचालक से भी पूछताछ की है. 24 सितंबर को बारिश के दौरान रेनकोट पहने पांच हथियारबंद अपराधी गोलमुरी चौक के पास स्थित केनरा बैंक पहुंचे थे. अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और बैंक के आयरन चेस्ट व सेफ में रखे करीब 600 पैकेट में लगभग 23 किलो सोने के आभूषण और 43 लाख रुपये नकद लूटकर दो बाइक से फरार हो गये थे. लूटे गये सोने की कीमत करीब 33 करोड़ रुपये बतायी गयी है.




