रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार, 7 अक्टूबर को चाईबासा के गांधी मैदान में प्रस्तावित “सेवा ज्योति यात्रा” की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. मंगलवार को कार्यक्रम के प्रभारी बड़कुंवर गगराई, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा एवं जिलाध्यक्ष गीता बलमुचु ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों की जानकारी देते हुए उक्त बातें बताईं. कार्यक्रम प्रभारी बड़कुंवर गगराई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे “सेवा संकल्प अभियान” के तहत यह आयोजन किया जा रहा है. पांचों विधानसभा क्षेत्रों से करीब 8 से 10 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने कहा कि “सेवा ज्योति यात्रा” राष्ट्रसेवा, जन भागीदारी और देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने वाला कार्यक्रम है. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में हाथों में तिरंगा लेकर नगर भ्रमण किया जाएगा और यह तिरंगा यात्रा ही कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी. इस यात्रा में पार्टी का झंडा नहीं होगा, केवल राष्ट्रध्वज तिरंगा रहेगा. उन्होंने कहा कि चाईबासा शहर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा सभी प्रमुख शहीद स्थलों पर माल्यार्पण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. इसके साथ ही सेवा ज्योति प्रज्वलित की जाएगी और शहर में मशाल भ्रमण भी होगा. उन्होंने जिले के निवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि पांचों विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है और कार्यक्रम को व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मधु कोड़ा, विनय जायसवाल, गीता कोड़ा, बड़कुंवर गागराई, शैलेंद्र सिंह, गुरुचरण नायक एवं विजय सिंह गगराई शामिल होंगे. स्वागत भाषण गीता बालमुचू, धन्यवाद ज्ञापन राकेश पोद्दार तथा मंच संचालन चंदन झा करेंगे. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे गांधी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजुअल कार्यक्रम से होगी. इसके उपरांत सेवा ज्योति प्रज्वलन, तिरंगा लेकर नगर भ्रमण तथा मशाल भ्रमण किया जाएगा. प्रेस वार्ता में जेबी तुबिद, सतीश पुरी, राजश्री बानरा, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, रमेश खिरवाल एवं भूषण पाट पिंगुआ, राकेश पोद्दार सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.




