जमशेदपुर: विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र के आयोजन एवं विद्या विकास समिति, झारखंड के आतिथ्य में आयोजित त्रिदिवसीय 37वां क्षेत्रीय खेलकूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता 2026 के दूसरे दिन 8 अक्टूबर, गुरुवार को सुमंत मुसलगांवकर स्टेडियम टेल्को में खेल प्रतिभाओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रतियोगिता में उत्साह और रोमांच भर दिया.प्रतियोगिता में झारखंड एवं उत्तर-पूर्व बिहार के तीन प्रांतों लोक शिक्षा समिति से 94, भारती शिक्षा समिति से 97 तथा विद्या विकास समिति से 106—कुल 297 प्रतिभागी भैया-बहनों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया.(नीचे भी पढ़े)

दूसरे दिन 3000 एवं 5000 मीटर वॉक, 100, 600, 800, 1500 एवं 3000 मीटर दौड़, लंबी कूद, 4×100 मीटर रिले, ट्रिपल जंप, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट तथा 80, 100, 110 एवं 400 मीटर हर्डल सहित विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया. प्रतिभागियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया.विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम एवं प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन,आत्मविश्वास,परिश्रम,धैर्य और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है. (नीचे भी पढ़े)

हार और जीत से आगे बढ़कर खेल हमें निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की प्रेरणा देता है.उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि आज मैदान में किया गया परिश्रम ही आने वाले समय में बड़ी उपलब्धियों की नींव बनेगा. उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. प्रतियोगिता के दूसरे दिन मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह, दर्शकों का जोश और आयोजकों की सक्रियता देखते ही बन रही थी. समग्र आयोजन ने “खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन”का प्रेरणादायी संदेश दिया.







