जमशेदपुर : लक्ष्मी सुरभि संस्था और बारीडीह स्थित जमशेदपुर पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को “मिशन निर्माण – नशामुक्त युवा जागरूकता संगोष्ठी” आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. संगोष्ठी में सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज़ अहमद, मनोचिकित्सक डॉ महेश हेम्ब्रम, तीस हजारी न्यायालय के अधिवक्ता अमिय पांडेय, जमशेदपुर जिला न्यायालय के अधिवक्ता यश पांडेय और लक्ष्मी सुरभि संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, स्वास्थ्य संबंधी और कानूनी दुष्प्रभावों की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

थाना प्रभारी फैज़ अहमद ने नशे को चोरी, छिनतई और अन्य अपराधों का प्रमुख कारण बताते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया. डॉ महेश हेम्ब्रम ने नशीले पदार्थों से होने वाले मानसिक एवं शारीरिक नुकसान पर प्रकाश डाला, जबकि अधिवक्ता अमिय पांडेय और यश पांडेय ने स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के प्रावधानों तथा नशीले पदार्थों से जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
जितेंद्र तिवारी ने प्रेरक कहानी के माध्यम से नशे के व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले विनाशकारी प्रभावों को समझाया. उन्होंने विद्यार्थियों को साथियों के दबाव से निपटने और सही निर्णय लेने के उपाय भी बताए. कार्यक्रम का संचालन अंकिता एवं खुशबू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मिथु चंद्रा ने किया. कार्यक्रम की सफलता में संस्था के सदस्यों मधु रॉय, जसपाल सिंह, देवाशीष चंद्र, इंद्रजीत, रेणु, पुष्कर, विवेक और सत्येंद्र उपाध्याय के साथ विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. यह संयुक्त पहल युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई.





