जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक में जमशेदपुर के पर्यटन विकास से जुड़ी कई अहम योजनाओं पर निर्णय लिए गए. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बिष्टुपुर गोपाल मैदान के आयोजनों के लिए मरीन ड्राइव के पास वैकल्पिक मैदान विकसित करने, डिमना लेक के सौंदर्यीकरण, साकची नेताजी सुभाष चंद्र बोस आमबागान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और खरकई-स्वर्णरेखा नदी तट पर रिवरफ्रंट बनाने के प्रस्ताव रखे. एमजीएम अस्पताल से भलुचबनी तक फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकार किया गया. मंगलवार को हुई परिषद की बैठक में गत 4 अक्तूबर को हुई परिषद की बैठक के निर्णयों की समीक्षा की गई. विधायक सरयू राय ने अपने विधानसभा क्षेत्र की पर्यटन संबंधी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की. सरयू राय ने कहा कि गोपाल मैदान में अब केवल टुसू महोत्सव ही नहीं, बल्कि साल भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होते हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)

तेज ध्वनि के कारण आसपास के निवासियों को परेशानी होती है. उन्होंने सुझाव दिया कि टाटा स्टील से बातचीत कर मरीन ड्राइव के किनारे या आशियाना और मरीन ड्राइव के बीच उपलब्ध बड़े मैदान में इन आयोजनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए. गोपाल मैदान का उपयोग खेल गतिविधियों और अन्य उपयुक्त कार्यक्रमों के लिए किया जा सकता है. मैदान का भविष्य का स्वरूप टाटा स्टील से बातचीत के बाद तय किया जाए. गोपाल मैदान को टुसू महोत्सव और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों के आधार पर पर्यटन स्थल घोषित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है. अब स्वीकृति की प्रतीक्षा है. श्री राय ने बताया कि बैठक में दोमुहानी और श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर (बिड़ला मंदिर) को पर्यटन स्थल की श्रेणी डी में अधिसूचित करने के लिए राज्य सरकार के पर्यटन विभाग को पहले ही प्रस्ताव भेजा गया है. बैठक में विभाग को दोबारा स्मार पत्र भेजने का निर्णय लिया गया. सरयू राय ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस आमबागान के सौंदर्यीकरण और इसे पर्यटन स्थलों की सूची में शामिल करने का प्रस्ताव रखा. (नीचे देखे पूरी खबर)
बैठक में इस संबंध में राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी. वहीं, खरकई नदी पर बने टोल ब्रिज से मानगो पुल तक खरकई और स्वर्णरेखा नदियों के किनारे रिवरफ्रंट विकसित करने की योजना पर पहले सर्वेक्षण कराया जाएगा. इसके आधार पर आगे का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा. सरयू राय ने डिमना लेक का सौंदर्यीकरण करने और पिकनिक, सैर-सपाटे सहित अन्य गतिविधियों के लिए लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले आसपास के क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया. बैठक में इसे स्वीकार कर लिया गया. डिमना लेक जाने वाले संकरे और घुमावदार मार्ग पर यातायात की समस्या दूर करने के लिए एमजीएम अस्पताल से भलुचबनी तक फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव स्वीकार किया गया. सरयू राय ने कहा कि यह इलाका दलमा सैंक्चुरी का हिस्सा है, इसलिए सड़क चौड़ी करना संभव नहीं है. ऐसे में पर्यटकों और आम लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए फ्लाईओवर जरूरी है. इस संबंध में राज्य और केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया.





