जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के जेनरल शिफ्ट के समय में बदलाव को लेकर सरकुलर जारी कर दिया गया है. इसकी अधिकारिक सूचना टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु को दे दी गयी है. इसको लेकर यह तय हुआ है कि 15 अक्तूबर गुरुवार से इसका ट्रायल शुरू कर दिया जायेगा. इसके बाद 1 नवंबर से इसको लागू कर दिया जायेगा. सरकुलर में बताया गया है कि टाटा स्टील के कर्मचारियों के इ और डी 1 शिफ्ट को बंद कर दिया जायेगा. अब सिर्फ डी शिफ्ट और एल शिफ्ट को समायोजित कर दिया जायेगा. डी शिफ्ट में कर्मचारी का समय सुबह 8 से शाम 5 बजे तक था जबकि एल शिफ्ट सुबह 9 से शाम 5 बजे के बीच था. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसको अब डब्ल्यू 1 शिफ्ट बना दिया गया है, जिसका समय सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तय किया गया है. इसमें एक घंटे का लंच ब्रेक दोपहर 1 से दोपहर दो बजे तक दिया जायेगा. सेफ्टी की टाइमिंग को बदला गया है, जिसको दोपहर 2.30 बजे तक तय कर दिया गया है. टाटा स्टील के चीफ एचआरबीपी यशवंत कुमार पांडेय द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक, गेट पर कर्मचारियों की आवाजाही और भीड़भाड़ का वास्तविक अध्ययन करने के लिए 15 अक्टूबर से 15 दिनों का ट्रायल प्लान शुरू किया जायेगा. इस दौरान पीक ऑवर्स यानी भीड़ के समय में कर्मचारियों को लंबे इंतजार से बचाने और भीड़ कम करने के लिए टर्नस्टाइल गेट्स को खुला रखा जायेगा. इस शिफ्ट में प्रवेश द्वारों पर कार्ड स्वैप या पंच करने की आवश्यकता नहीं होगी. हालांकि, कर्मचारियों को अपने संबंधित विभागों में एआरएस पंचिंग द्वारा उपस्थिति दर्ज करानी होगी. इसके अलावा, सुगम प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी की जायेगी.





