गालूडीह : गालूडीह-नरसिंहपुर रोड पर बुधवार शाम बड़बिल स्थित दादा भाई होटल के पास बाइक दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. 108 एंबुलेंस सेवा पर कई बार फोन करने के बावजूद कॉल नहीं लगने पर ग्रामीणों ने निजी टेंपो की व्यवस्था की और दोनों को अस्पताल भेजवाया. जानकारी के अनुसार, जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के डोरकासाई गांव निवासी वृहस्पति महतो एक बुजुर्ग के साथ बागालगोड़ा आए थे. शाम को दोनों मोटरसाइकिल (जेएच 05 सीटी 6606) से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बड़बिल स्थित दादा भाई होटल के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चली गई. दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. बड़बिल निवासी अभिजीत भक्त ने अन्य ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की पहल की. ग्रामीणों के अनुसार, एंबुलेंस के लिए 108 नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल नहीं लगा. आखिरकार ग्रामीणों ने निजी टेंपो से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. सड़क हादसे के बाद आपातकालीन एंबुलेंस सेवा से संपर्क नहीं हो पाने के कारण घायलों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हुई. ऐसे में ग्रामीणों को निजी वाहन का सहारा लेना पड़ा.








