जमशेदपुर : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने नेमरा में मुलाकात की. इस दौरान जमशेदपुर एवं मानगो क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, शहरी विकास तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई. मुलाकात के दौरान क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और स्थानीय स्तर पर आ रही समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने पर विशेष जोर दिया गया. मुलाकात के क्रम में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मेयर सुधा गुप्ता ने पेयजल आपूर्ति, सड़क एवं नाली निर्माण, जल निकासी, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, आधारभूत संरचनाओं के विकास तथा आम नागरिकों को बेहतर नगर निकाय सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर चर्चा की. उन्होंने जमशेदपुर और मानगो क्षेत्र में लोगों को हो रही परेशानियों के समाधान की आवश्यकता पर भी ध्यान आकृष्ट कराया. (नीचे भी पढ़ें)
मेयर सुधा गुप्ता ने नगर निगम क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने, लंबित विकास कार्यों को गति देने तथा जनहित से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के महत्व पर चर्चा की. उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक पहल किए जाने की आवश्यकता बताई. वहीं, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी जमशेदपुर क्षेत्र की जनभावनाओं और स्थानीय नागरिकों से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा. उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा आम जनता को राहत पहुंचाने वाले कार्यों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया. इस मुलाकात के दौरान दोनों ने स्वर्गीय रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. यह मुलाकात जमशेदपुर एवं मानगो क्षेत्र की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने और जनहित से जुड़े विषयों पर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण रही.








